शहर के सौंदर्यीकरण के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। प्रशासन जल्द ही सोलन शहर को डस्टबिन मुक्त कर देगा।
- फोटो : अमर उजाला
शहर के सौंदर्यीकरण के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। प्रशासन जल्द ही सोलन शहर को डस्टबिन मुक्त कर देगा। लोगों को कूड़ा फेंकने के लिए भी बाहर नहीं जाना पड़ेगा बल्कि कूड़ा उठाने नप के कर्मचारी आपके घर आएंगे। हालांकि पहले भी यह कवायद शुरू की थी लेकिन ठेकेदार ने बीच में ही काम छोड़ दिया था। लेकिन इस बार शहर की सफाई को लेकर इस प्रोजेक्ट को ग्लोबल टेंडर के जरिये अमलीजामा पहनाने की कोशिश की जाएगी। ग्लोबल टेंडर के तहत ऑनलाइन सिस्टम के माध्यम से देश के किसी भी कोने से कोई भी कंपनी इसके लिए आवेदन कर सकती है।
यह जानकारी डीसी राकेश कंवर ने शनिवार को आयोजित बैठक में दी। उन्होंने कहा कि सोलन शहर को आम लोगों के सहयोग से डस्टबिन मुक्त बनाया जाएगा। ठोस कचरा प्रबंधन जहां पर्यावरण को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त रखने में सहायक है वहीं शहरवासियों के स्वास्थ्य के लिए भी यह जरूरी है। नई व्यवस्था शुरू होने के बाद ही इसका शुल्क तय होगा। गौरतलब है कि शिमला शहर में यह व्यवस्था पहले से लागू की जाएगी। सोलन शहर के पंद्रह वार्डों में करीब चालीस हजार लोगों रहते हैं। प्रशासन ने एक जनवरी तक इस मुहिम को शुरू करने का लक्ष्य रखा है।
उन्होंने कहा कि शहर में लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने तथा साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए स्वच्छता समितियां भी गठित की जाएंगी। सोलन प्रदेश के विकसित होते शहरों में से एक हैं। जनसंख्या में बढ़ोतरी के साथ आवासीय कचरे की मात्रा भी बढ़ी है। इसके प्रबंधन के लिए प्रदेश सरकार द्वारा व्यापक स्तर पर प्रबंध किए जा रहे हैं। इस स्वच्छता को जन आंदोलन बनाकर ही शहर को पूर्ण रूप से स्वच्छ बनाया जाएगा। साथ ही इस दिशा में शीघ्र ही एक जन अभियान कार्यान्वित किया जाएगा। इसमें स्कूली छात्रों के साथ-साथ स्वयंसेवी संस्थाओं को भी जोड़ा जाएगा। नप के अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए आम नागरिकों के महत्वपूर्ण सुझाव भी आमंत्रित किए जाएंगे।
बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी संदीप नेगी, सहायक आयुक्त छवि नांटा, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी भानु गुप्ता, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी, जिला कार्यक्रम अधिकारी अर्जुन नेगी, नप के पार्षद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा शहरवासी मौजूद रहे।