जिला के किसानों को अब कृषि भूमि की मिट्टी की जांच के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। किसानों को अब यह सुविधा घर द्वार पर समय पर मिलेगी। केंद्र सरकार की ओर से नेशनल मिशन फार ससटेनेबिलटी ऑफ एग्रीकल्चर योजना के तहत जिला सोलन को आधुनिक मोबाइल टेस्टिंग वैन मुहैया करवाई जाएगी। इससे किसानों को काफी फायदा मिलेगा। जिला के किसानों के लिए यह सुविधा अप्रैल माह के अंत तक शुरू कर दी जाएगी। मोबाइल टेस्टिंग वैन से किसानों को मौके पर ही मिट्टी की जांच रिपोर्ट सौंप दी जाएगी। इससे पहले किसानों को इस सुविधा के लिए जिला के मृदा परीक्षण केंद्र जाना पड़ता था। जांच के लिए एक सप्ताह तक का समय लग जाता था।
केंद्र सरकार की ओर से मुहैया करवाए जाने वाली 65 लाख की मोबाइल टेस्टिंग वैन में कृषि संबंधी सभी नवीन उपकरणों की सुविधा होगी। साथ ही वैन में विभाग के तकनीकी सहायक भी मौजूद रहेंगे। जो किसानों को मृदा परीक्षण के साथ-साथ अन्य लाभकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देंगे। वैन में फसल से संबंधित पूरी जानकारी मौजूद रहेगी।
इस मोबाइल वैन सुविधा का लाभ उठाने के लिए किसान को अपने नजदीकी कृषि अधिकारी को सूचना देनी होगी। अधिकारी को दी गई सूचना को मोबाइल वैन अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा। जिस पर मोबाइल वैन को संबधित क्षेत्र में भेज दिया जाएगा।