नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ बाजार में आवश्यक वस्तुओं की दुकानों के अलावा अन्य दुकानों के खुलने पर प्रतिबंध के बावजूद बाजार में लोग इस कदर से उमड़े कि जैसे सामान्य दिन हो और यहां सोशल डिस्टेंसिंग की खूब धज्जियां उड़ी हैं। हालांकि, बाजार में तैनात पुलिस कर्मियों ने लोगों को बारंबार समझाया है कि दो गज दूरी का पालन करें। बावजूद इसके लोग नहीं माने और बाजारों में नियमों को धता बताते लोग नजर आए।
यहां तक कि नालागढ़ अस्पताल में भारी भीड़ उमड़ी और उन्हें भी पुलिस व गृहरक्षक जवान समझाते रहे लेकिन लोगों पर इसका असर नजर नहीं आया। हाल यह रहा कि बाजार से लेकर अस्पताल तक हर जगह पर भीड़ ही नजर आई। शहरी क्षेत्र और कांप्लेक्स में दुकानें खुलने की मनाही के बावजूद लोग बाजारों का रुख कर गए और बाजारों में अच्छी खासी भीड़ उमड़ गई।
बाजार में सिर्फ आवश्यक वस्तुओं वाली राशन, सब्जी, फल, दूध, ब्रेड और केमिस्ट व बीजों वाली दुकानों के खुलने की ही इजाजत है लेकिन लोग यहां ऐसे उमड़े कि बाजार में अन्य दुकानें भी खुल गई हों। बाजार में लोगों की भीड़ जुटने से सरकार के दो गज के फासले की जमकर अवहेलना हुई। पुलिस कर्मचारी लोगों को समझाते नजर आए लेकिन लोग थे कि मानने को तैयार नहीं हुए और बाजारों में आम दिनों की तरह ही निकल पड़े।
एसडीएम नालागढ़ प्रशांत देष्टा ने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए छूट दी गई है और लोग इसका पालन करें। उन्होंने कहा कि लोगों को चाहिए कि महामारी में बरती जा रहीं सावधानियों और आदेशों क पालन करें। यदि लोग फिर भी नहीं मानते हैं तो प्रशासन सख्ती से आदेश लागू करेगा।