भटोली कलां के हिमुडा इंड्स्ट्रियल पार्क में एसपी इलमा अफरोज पौध रोपित करते हुए। संवाद
कारगिल दिवस के अवसर पर हुआ पौधरोपण कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। बद्दी की सामाजिक व औद्योगिक संस्थाओं ने हिमुडा इंडस्ट्रियल पार्क भटौली कलां में पौधरोपण किया और 111 पौधे रोपे। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर बद्दी शहर की सामाजिक संस्था हिमालय जनकल्याण समिति की ओर से हुए कार्यक्रम में एक दर्जन औद्योगिक व स्थानीय संस्थाओं ने सहयोग किया व फलदार व छायादार पौधे रोपे। देश के वीर जवानों व शहीदों को समर्पित इस कार्यक्रम का शुभारंभ उद्योग विभाग के उप निदेशक योगेश गुप्ता ने किया। उन्होंने कहा कि बीबीएन को हरा भरा बनाने के लिए हम सबको सामूहिक प्रयास करने होंगे।
समापन समारोह पर मुख्यातिथि बीबीएनडीए की सीईओ सोनाक्षी तोमर रहीं। उन्होंने इस प्रयास के लिए हिमालया जनकल्याण समिति और तमाम भागीदारी करने वाली सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि पहली बार बद्दी में इतना बड़ा कार्यक्रम हुआ है। जिसमें हर संस्था के सदस्य अपनी जिम्मेदारी तो निभा ही रहे हैं साथ में दिल से पर्यावरण संरक्षण की मुहिम चलाए हुए हैं। एसपी बद्दी इल्मा अफरोज ने कहा कि सामाजिक संस्थाओं का यह प्रयास कुछ सालों बाद हरियाली का रंग लाएगा। लघु उद्योग संघ के अध्यक्ष अशोक कुमार राणा, चेयरमैन विचित्र सिंह पटियाल, नालागढ़ उद्योग संघ के महासचिव अनिल शर्मा, एचडीएमए के संयुक्त सचिव चिरंजीव ठाकुर, एफआईआई के प्रदेश सचिव अनिल मलिक, लघु उद्योग भारती के राज्य सचिव संजीव शर्मा, संजय आहूजा ने आए हुए सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा सभी से एक एक पौधा लगवाया। संवाद