दिग्गल स्कूल में नशा निवारण की बैठक में भाग लेते हुए पदाधिकारी- स्रोत- स्कूल।
- फोटो : 1
नशा निवारण समिति का गठन, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर और जन-जागरूकता कार्यक्रमों पर जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
रामशहर (सोलन)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दिग्गल में स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) की नवगठित कार्यकारिणी की बैठक प्रधानाचार्य गणेश धीमान की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाना और युवाओं को नशामुक्त बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करना रहा। बैठक में बीडीसी सदस्य सोनू देवी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि रामशहर थाना से सहायक उप-निरीक्षक धनवीर सिंह भी अपने सहयोगियों सहित मौजूद रहे। इस दौरान विद्यालय से जुड़े शैक्षणिक, विकासात्मक और प्रशासनिक मुद्दों पर भी चर्चा की गई। बैठक में समाज हित में दो उपसमितियों का गठन किया गया, जिनमें एक विशेष नशा निवारण समिति शामिल है। इस समिति की अध्यक्षता बीडीसी सदस्य सोनू देवी को सौंपी गई है। समिति में दिग्गल और आसपास के सभी वार्डों से प्रतिनिधियों के साथ एक एसएमसी सदस्य को भी शामिल किया गया है, ताकि अभियान को जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू किया जा सके। बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिनमें गांवों में आने वाले संदिग्ध बाहरी व्यक्तियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने, बच्चों की संगति और दिनचर्या पर अभिभावकों को जागरूक करने तथा जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने जैसे कदम शामिल हैं। इसके अलावा नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने और सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने का निर्णय लिया गया। समय-समय पर विद्यार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें नशे के दुष्परिणामों और जीवन मूल्यों के प्रति जागरूक किया जाएगा। हर माह विद्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित कर नशा निवारण अभियान की प्रगति की समीक्षा करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में सभी सदस्यों ने नशे जैसी सामाजिक बुराई के उन्मूलन का संकल्प लिया और एक स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।