बद्दी बरोटीवाला में तीन माह से किल्लत, डेढ़ सौ से अधिक उपभोक्ता परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। बद्दी और बरोटीवाला क्षेत्र में पिछले तीन माह से थ्री फेस स्मार्ट मीटरों की भारी किल्लत बनी हुई है। इसके चलते डेढ़ सौ से अधिक उपभोक्ता बिजली कनेक्शन के लिए परेशान हैं। सरकार ने स्मार्ट मीटर लगाना अनिवार्य किया है, लेकिन इनकी अनुपलब्धता से बोर्ड की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
यह किल्लत घरेलू उपभोक्ताओं, किसानों, दुकानदारों और छोटे उद्यमियों को प्रभावित कर रही है। घरेलू उपभोक्ता किराये के उद्देश्य से बड़ी इमारतें बनाते हैं, उन्हें थ्री फेस मीटर चाहिए। किसान ट्यूबवेल के लिए और दुकानदार अपनी दुकानों के लिए इन मीटरों की मांग करते हैं। छोटे उद्यमी भी थ्री फेस मीटर पर निर्भर हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि जब तक नए मीटर नहीं आते, तब तक पुराने मीटर लगाकर कनेक्शन दिए जाएं। हालांकि, बिजली बोर्ड इसके लिए तैयार नहीं है। अधिवक्ता डीके कौशल ने बताया कि उन्होंने व्यावसायिक कार्य के लिए थ्री फेस मीटर के लिए आवेदन किया था, लेकिन मीटर नहीं लग पाया।
लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष अखिल मोहन अग्रवाल ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से बिजली बोर्ड के पास स्मार्ट मीटर नहीं हैं, जिसके चलते कई उद्योगों में बिजली कार्य प्रभावित हो रहा है। थ्री फेस स्मार्ट मीटर की मांग घरेलू, कृषि और व्यावसायिक तीनों क्षेत्रों में है। लघु उद्योग भारती के पूर्व अध्यक्ष राजीव कांसल ने भी छोटे उद्यमियों की परेशानी बताई। प्रगतिशील किसान गोपाल चौधरी ने कहा कि थ्री फेस स्मार्ट मीटर न मिलने से ट्यूबवेल का कार्य प्रभावित हो रहा है।
बिजली बोर्ड के प्रबंध निदेशक आदित्य नेगी ने बताया कि अभी तक किसी उद्योगपति या विभागीय अधिकारी से मीटर की कमी की सूचना नहीं मिली है। आश्वासन दिया कि यदि कहीं स्मार्ट मीटर की कमी पाई जाती है, तो उसे शीघ्र दूर किया जाएगा।