बद्दी(सोलन)। हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से प्रस्तावित हर उपमंडल में डे बोर्डिंग स्कूल खोलने की प्रक्रिया तेज हो गई है। नालागढ़ उपमंडल के लिए बद्दी की ग्राम पंचायत हरिपुर संडोली के नजदीक कल्याणपुर में 50 बीघा जमीन का चयन करके राजस्व विभाग ने सरकार को भेजा गया है। नायब तहसीलदार गोपाल कृष्ण मुखिया ने प्रेस से मिलिए कार्यक्रम में जानकारी देते हुए बताया कि बद्दी-संडोली बाईपास के निकट खाली पड़ी सरकारी भूमि का चयन करके डीसी सोलन को आगामी कार्रवाई के लिए भेज दी है।उन्होंने बताया कि किसान सम्मान निधि योजना के लिए सरकार की ओर से ईकेवासी को जरूरी किया गया है, जोकि कुछ किसानों ने नहीं करवाया है। इसलिए किसान जल्द से जल्द ईकेवासी को अपडेट करवा लें, जिससे उन्हें मिलने वाली सरकारी सहायता में कोई रुकावट न हो सके। प्रदेश में हरित उर्जा को बढ़ावा देने के लिए बीबीएन के मेन बस स्टॉपों पर ई चार्जिंग के लिए जमीन विभाग को उपलब्ध करवा दी गई है। इसके अलावा ऑनलाइन इंतकाल की प्रक्रिया भी बहुत जल्द शुरू होने वाली है, जिससे आम जनता को बहुत लाभ मिलेगा। कहा कि प्रदेश सरकार से जो भी निर्देश आते हैं उनको अमलीजामा पहनाने के लिए त्वरित प्रयास किए जाते हैं। तहसील में भी उनका मकसद रहता है कि हर किसी का काम समय पर हो और किसी भी व्यक्ति को दिक्कत न आए। इस मौके पर कई लोग मौजूद रहे।