संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला/सोलन। कालूझिंडा पंचायत के कलरांवाली स्थित श्री गुग्गा जाहरवीर के दरबार में आयोजित नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का बुधवार को समापन हो गया। कथा के नौवें दिन विधिवत हवन यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें सभी आयोजकों और श्रद्धालुओं ने पूर्णाहुति डाली। कथा आयोजन समिति के अध्यक्ष गोगी भक्त ने बताया कि पिछले नौ दिनों से आसपास के सभी ग्रामवासियों ने कथा का रसपान किया और धार्मिक आनंद उठाया। समापन के दिन प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य रूपेश शर्मा वशिष्ठ ने देवी दुर्गा के नौ रूपों का विस्तार से वर्णन किया। कथा के समापन के बाद आरती और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।