भगवान श्रीकृष्ण के अलग-अलग रूपों का किया वर्णन
कुनिहार के लोहारा गांव में चल रही श्रीमद् भागवत कथा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार(सोलन)। कुनिहार क्षेत्र के गांव लोहारा में आयोजित की जा रही श्रीमद्भागवत कथा के छठवें दिन कथा वाचक आचार्य हरिजी महाराज ने श्रीकृष्ण लीलाओं का सुंदर बखान किया। उन्होंने कहा कि किस तरह एक ही समय में अलग-अलग रूपों में भगवान श्रीकृष्ण अपने भक्तों को दर्शन देते हैं। कथा के दौरान आचार्य ने भगवान के किस-किस रूप की कैसे परिक्रमा करनी चाहिए, इसके बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने इससे मिलने वाले फल के बारे में भी बताया।
उन्होंने कहा कि राधा का नाम जो निरंतर जपता है भगवान श्रीकृष्ण की कृपा उस पर अवश्य होती है। आचार्य ने कहा कि भक्त को भक्ति में अभिमान नहीं आना चाहिए। आप भगवान की भक्ति करो एक न एक दिन भक्ति का फल आपको मिलेगा। कथा के दौरान मधुर भजनों और सुंदर झांकियों का आनंद भी श्रोताओं ने उठाया। इस अवसर पर ज्ञान चंद, सुखदेव, महेंद्र, जगदीश, कामेश्वर, मोहन समेत सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।