एचआरटीसी तीन-तीन दिनों की शिफ्ट पर चला रहा रूट
करीब 21 पंचायतों के ग्रामीण झेल रहे है परेशानी
निगम की ओर भेजी गई बसों की डिमांड, नहीं मिला जवाब
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के सोलन डिपो में बसों की कमी के कारण कई रूट प्रभावित हो रहे हैं। स्थिति यह है कि कुछ रूटों पर सप्ताह में केवल दो से तीन दिन ही बसें चल पा रही हैं। अन्य दिनों में इन बसों को दूसरे रूटों पर भेजा जा रहा है। इससे करीब 21 पंचायतों के ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
डिपो में बसों की कमी और खराब बसों के कारण रोजाना करीब छह से सात रूट प्रभावित हो रहे हैं। वहीं, कर्मचारियों की कमी भी बस सेवाओं के नियमित संचालन में बाधा बन रही है। निगम ने सोलन डिपो से पांच इलेक्ट्रिक और नौ डीजल बसें दूसरे डिपो में भेज दी हैं, जबकि तीन बसें खराब होने के कारण वर्कशॉप में खड़ी हैं।
पहले सोलन डिपो के 108 रूटों पर 126 बसें उपलब्ध थीं, लेकिन अब इनकी संख्या घटकर 109 रह गई है। इसके अलावा, रोजाना करीब 10 बसों को रखरखाव के लिए वर्कशॉप लाना पड़ता है। बसों की कमी दूर करने के लिए डिपो प्रबंधन ने निगम से अतिरिक्त बसों की मांग की है, लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है।
कोट
निगम नई बसें खरीदने की तैयारी कर रहा है। बसें उपलब्ध होने के बाद सोलन डिपो को भी नई बसें दी जाएंगी, जिन्हें विभिन्न रूटों पर चलाकर लोगों की परेशानी दूर करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल बसों और कर्मचारियों की कमी के कारण रूटों का नियमित संचालन प्रभावित हो रहा है। तरसेम सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक, सोलन डिपो एचआरटीसी