अर्की महाविद्यालय में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिताओं को आयोजन
क्विज प्रीति, कोमल और रुचि रहीं पहले स्थान पर
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की (सोलन)। राजकीय महाविद्यालय अर्की में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्यातिथि कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. मस्त राम और विशिष्ट अतिथि के रूप में पुलिस थाना अर्की के थाना प्रभारी हरिचंद तथा कांस्टेबल मनोज पाल उपस्थित रहे। इस अवसर पर आयोजित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा शगुन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा निहारिका प्रथम रहीं। क्विज प्रतियोगिता में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्राएं प्रीति, कोमल और रुचि गुप्ता ने प्रथम स्थान हासिल किया। सभी विजेताओं को मुख्यातिथि और विशिष्ट अतिथि ने नकद पुरस्कार और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। अर्की पुलिस थाना प्रभारी हरिचंद ने विद्यार्थियों के उत्साह और सहभागिता की सराहना की और उन्हें सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सड़क पर ज्यादातर दुर्घटनाएं लापरवाही के कारण होती हैं। उन्होंने विशेष रूप से चेताया कि चौपहिया वाहन में सीट बेल्ट अवश्य पहनें, दोपहिया वाहन बिना हेलमेट न चलाएं, वाहन गति सीमा का ध्यान रखें, समय पर घर से निकलें और रैश ड्राइविंग से बचें। साथ ही, सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त व्यक्तियों की तुरंत सहायता करने पर भी बल दिया। मुख्य वक्ता डॉ. धनदेव शर्मा ने कहा कि सड़क यातायात दुर्घटनाएं आज के समय में सबसे गंभीर सामाजिक मुद्दों में से एक हैं और प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है। यह कार्यक्रम सड़क सुरक्षा क्लब के तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसका संयोजन सड़क सुरक्षा समन्वयक डॉ. जितेंद्र ठाकुर ने किया। सह-समन्वयक के रूप में प्रो. सुमन, प्रो. ज्योति और प्रो. सोहन नेगी ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। समापन अवसर पर मुख्यातिथि डॉ. मस्त राम ने सड़क सुरक्षा उपायों को जमीनी स्तर पर मजबूती देने और सभी नागरिकों में जिम्मेदारी का भाव बढ़ाने का आह्वान किया। इस कार्यक्रम में डॉ. हेमराज सूर्या, प्रो. यशपाल शर्मा, प्रो. योगेश कुमार, डॉ. वीना शर्मा और डॉ. पारूल बेरी भी उपस्थित रहे।