संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत लोगों को जागरूक करने और योजना का लाभ पहुंचाने के लिए सोलन में 13 से 15 अक्तूबर तक जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर सेवा सेतु आयोजित किए जाएंगे। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड सोलन के विद्युत उपमंडल-2 के सहायक अधिशाषी अभियंता विपुल कश्यप ने बताया कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को योजना की विस्तृत जानकारी देना है। इसके तहत पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, केंद्रीय वित्तीय सहायता व उपदान, छत पर सौर ऊर्जा स्थापना और नेट मीटरिंग के बारे में जागरूक किया जाएगा। सहायक अभियंता ने स्पष्ट किया कि शिविर के दौरान पात्र लोगों का योजना के तहत मौके पर ही पंजीकरण भी किया जाएगा। सेवा सेतु शिविरों में पंजीकृत रूफटॉप सोलर विक्रेताओं और सहभागियों को बैंकों के साथ जोड़ा जाएगा, ताकि उपभोक्ताओं को सोलर प्लांट लगवाने के लिए ऋण एवं अन्य वित्तीय सुविधाओं की आसान जानकारी प्राप्त हो सके। यह शिविर सहायक अभियंता कौशल विकास केंद्र, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत सोलन के कार्यालय में 13 से 15 अक्तूबर तक प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक आयोजित होगा। विपुल कश्यप ने सोलन शहर के सभी निवासियों से अपील की है कि वे रूफटॉप सोलर योजना के बारे में अधिक से अधिक जानकारी हासिल करें और इसका भरपूर लाभ उठाने के लिए इन शिविरों में भारी संख्या में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं।