स्वयं सहायता समूह के बिक्री केंद्र का किया शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार (सोलन)। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित जय भारती संगठन कुनिहार की महिलाओं ने कुनिहार में स्थायी हिम ईरा प्रदर्शनी एवं बिक्री दुकान का शुभारंभ किया है। इस बिक्री केंद्र के खुलने से लोगों को स्वयं सहायता समूह के बनाए उत्पाद मिलेंगे। समूह की प्रधान संतोष शर्मा ने बताया कि चौक बाजार कुनिहार में इस बिक्री केंद्र का शुभारंभ किया गया। इसमें लोगों को महिलाओं के तैयार किए कई तरह के अचार, नशास्ता, बड़ियां, पापड़ और सेवियां आदि मिलेंगे। साथ ही त्योहारी सीजन में त्योहारों में उपयोग होने वाला सामान भी उपलब्ध करवाया जाएगा। इससे जहां ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार मिलेगा तो वहीं महिलाएं आत्म निर्भर बनेंगी। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों से इस बिक्री केंद्र में आकर प्रदर्शनी को देखने और स्वयं समूह की महिलाओं के हाथों से तैयार शुद्ध व पौष्टिक खाद्य पदार्थों की खरीदारी की अपील की।