नालागढ़ के कृषि फार्म में कंबाईन से बीच के गेहूं की कटाई करते हुए कृषि विभाग के अधिकारी। संवाद
रिपोर्ट आने के बाद होगा बीज की खरीद का काम शुरू
कई जिलों के केंद्रों में की जाएगी इस बीज की सप्लाई
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़(सोलन)। कृषि विभाग नालागढ़ ने गेहूं का बीज तैयार करने वाले किसानों के सैंपल लेकर जांच के लिए सोलन स्थित सीड जांच केंद्र को भेज दिए हैं। इसकी रिपोर्ट आने के बाद किसानों की ओर से तैयार गेहूं का बीज खरीदना शुरू कर दिया जाएगा। यह बीज ग्रेडिंग करके लिया जाएगा। इसके दाम सामान्य गेहूं से एक हजार रुपये प्रति क्विंटल अधिक होते हैं।
नालागढ़ में इस वर्ष 372 किसानों ने गेहूं का बीज लगाया है। जिसमें 31 किसानों ने ब्रीडर व 341 किसानों से फाउंडेशन बीज लगाया है। इस वर्ष नालागढ़ में 15 से 20 हजार क्विंटल बीज तैयार होने की उम्मीद है। बीज का गेहूं तैयार हो गया है। जिस पर विभाग ने किसानों से गेंहू के सैंपल लेने शुरू कर दिए हैं। विभाग ने इन किसानों की सूची तैयार करके इसके सैंपल जांच के लिए सोलन भेज दिए हैं।
कृषि गुणन फार्म मझौली में विभाग ने तीन ग्रेडिंग मशीन लगाई हैं। जहां पर किसानों से गेहूं लेकर ग्रेडिंग की जाएगी। विभाग केवल ए ग्रेड ही गेहूं लेता है। बी ग्रेड गेहूं किसानों को वापस कर दिया जाता है। वापस होने वाले गेहूं को किसान व्यापारी को बेच सकते हैं।
कृषि विभाग के विषय वाद विशेषज्ञ डॉ. संदीप गौतम व एडीओ भोपाल ठाकुर ने बताया कि इस बार गेहूं के बीज का उच्च उत्पादन हुआ है। 15 से 20 हजार क्विंटल गेहूं की बीज तैयार होने की उम्मीद है। विभाग बीज तैयार करने वाले किसानों से गेहूं खरीद करता है। पिछले साल ब्रीडर का 3150 व फाउंडेशन का 2950 रुपये प्रति क्विटंल रेट था। अभी रेट तय नहीं हुआ है। इस बार 150 रुपये अधिक रेट मिलने की उम्मीद है। सोलन जिले में 8000 क्विंटल गेहूं के बीज की खपत है और बाकी बीज को मंडी, कांगड़ा, चंबा, हमीरपुर व बिलासपुर जिलों में सप्लाई किया जाएगा।