कंडाघाट(सोलन)। उपमंडलाधिकारी कंडाघाट डॉ. विकास सूद ने उपमंडल के अधिकारियों के साथ कोविड-19 की समीक्षा बैठक की गई। उन्होंने कहा कि कंडाघाट के पर्यटक स्थलों पर पर्यटकों की आवाजाही बढ़ गई है। इसके चलते अधिक एहतियात बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने खंड चिकित्सा अधिकारी सायरी को निर्देश दिए कि पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों के कोविड सैंपल लेने के लिए उचित व्यवस्था बनाई जाए।
उन्होंने कहा कि होटल और ढाबा संचालकों की भी कोविड सैंपलिंग की जाए। उन्होंने खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि पंचायत प्रधानों के साथ बैठक कर पंचायतों में बाहर से आ रहे लोगों की कोविड जांच करवाई जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति में सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार के लक्षण हैं तो चिकित्सक से परामर्श लें।
उन्होंने सीडीपीओ को निर्देश दिए कि उपमंडल में प्राथमिक संपर्क ट्रेसिंग की जाए। इस अवसर पर तहसीलदार कंडाघाट अमन राणा, बीडीओ हेमचंद शर्मा, खंड चिकित्सा सायरी डॉ. संगीता उप्पल, थाना प्रभारी कंडाघाट बृजलाल उपस्थित थे।