संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी नालागढ़ नरेंद्र आहलूवालिया ने नगर परिषद के सामान्य निर्वाचन-2026 के दृष्टिगत मतगणना स्थल और स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने मतगणना स्थल पर सुरक्षा, प्रवेश और निकास व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, बैठने और प्रकाश व्यवस्था के साथ-साथ मतगणना टेबलों की समुचित व्यवस्था का भी अवलोकन किया। स्ट्रांग रूम में ईवीएम के सुरक्षित रख-रखाव, अग्निशमन उपकरण और सीलिंग प्रक्रिया के मानकों की समीक्षा भी की गई। आहलूवालिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतगणना प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाया जाए। इसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध हिमाचल प्रदेश राज्य चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध रूप से किए जाएं।