दाड़लाघाट (सोलन)। राजकीय प्राथमिक पाठशाला असलू में सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें प्राथमिक एवं माध्यमिक पाठशाला के विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने कविता वाचन, नृत्य, लघु नाटक, नुक्कड़ नाटक और स्किट प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा दिखाई। नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से स्वच्छता के महत्व और मोबाइल फोन के बढ़ते इस्तेमाल से बच्चों की पढ़ाई एवं सामाजिक व्यवहार पर पड़ने वाले प्रभावों के बारे में जागरूक किया। वहीं, अभिभावकों के लिए आयोजित खेल प्रतियोगिताएं भी आकर्षण का केंद्र रहीं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला बुघार की केंद्र मुख्य शिक्षिका हुकुम देई रहीं। चाखड़ पंचायत के पूर्व प्रधान एवं समाजसेवी विजय ठाकुर ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर अध्यापक रूपलाल, महेंद्र, सुरेश, चुनी लाल, मीनाक्षी, रमेश कुमार एवं गुरु देई सहित विद्यालय कर्मचारी, एसएमसी सदस्य, अभिभावक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।