भोज आंजी स्कूल में मनाया वार्षिक समारोह
समाजसेवी ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से छात्र-छात्राओं ने बांधा समां
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भोज आंजी में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया गया। सोलन के समाजसेवी चेतन शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। प्रधानाचार्य अशोक शर्मा ने उनका स्वागत किया और विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट पेश की। साल भर की गतिविधियों के आधार पर विक्रम बत्रा हाउस ने पहला स्थान हासिल कर ओवरऑल चैंपियन की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। वहीं, कल्पना चावला हाउस दूसरे और रामानुजन हाउस तीसरे स्थान पर रहा। मुख्यातिथि ने बोर्ड परीक्षाओं व अन्य गतिविधियों में अव्वल रहे विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। दसवीं में स्नेहा, आरुषि व राजबीर, जमा दो में चंचल, नीरज थापा और चांदनी को क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय रहने पर सम्मानित किया गया। बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस अवसर पर एसएमसी प्रधान कल्पना राय, पदम शर्मा, नरेश ठाकुर, सपरून चौकी से ओमपाल सहित स्कूल स्टाफ व अभिभावक उपस्थित रहे।