धर्मपुर बाजार में उभोक्ताओं को झेलनी पड़ रही दिक्कतें
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। कालका-शिमला नेशनल हाईवे पांच पर धर्मपुर बैंक शाखा के तहत लगे एटीएम लोगों को सुविधाएं प्रदान नहीं कर पा रहे हैं। हालात यह है कि धर्मपुर बाजार और कसौली चौक पर लगे एसबीआई एटीएम तकनीकी खराबी के कारण बंद हैं। जबकि पीएनबी एटीएम में पैसे ही नहीं है। इस कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। एसबीआई, पीएनबी के उपभोक्ताओं का कहना है कि अनदेखी और लापरवाही के कारण लोगों को पैसे निकालने के लिए भटकना पड़ रहा है। कई बार आपातस्थिति में लोगों को पैसे निकालने के लिए कुमारहट्टी या अन्य बैंक का एटीएम प्रयोग करना पड़ रहा है। इन दोनों बैंक के एटीएम अकसर खराब रहते हैं। धर्मपुर बाजार समेत आसपास क्षेत्र के इसका प्रयोग करते हैं। इसी के साथ पर्यटक भी सुविधा लेते हैं। उधर, स्थानीय निवासी नरेंद्र, गोपाल, सलोचना, रचना, सुनील ने कहा कि कई बार रात के समय आपातकालीन स्थिति में एटीएम की सुविधा नहीं मिल पाती है। लोगों ने एसबीआई व पीएनबी के अधिकारियों से मांग की है कि एटीएम को जल्द ठीक करवाया जाएं ताकि बेहतर सुविधा उपभोक्ताओं को मिल सके। वहीं, एसबीआई शाखा धर्मपुर के मैनेजर प्रशांत मेहता ने कहा कि कसौली चौक पर नया एटीएम लगा रहे है। धर्मपुर बाजार में लगा एटीएम जल्द ठीक हो जाएगा।