नालागढ़ में एचआईवी को लेकर रेड रन यूथ फेस्टिवल मैराथन आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। स्वास्थ्य विभाग की ओर से एचआईवी/एड्स जागरूकता अभियान के तहत रेड रन यूथ फेस्टिवल मैराथन का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न शिक्षण संस्थानों के 100 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नालागढ़ से मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. कविराज नेगी और डॉ. गगन भी मौजूद रहे।
प्रतिभागियों ने सीएचसी नालागढ़ से राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ परिसर तक दौड़ लगाकर एचआईवी/एड्स से बचाव, सही जानकारी और जागरूकता का संदेश दिया। इसके बाद महाविद्यालय के सम्मेलन कक्ष में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। डॉ. गगन, डीएपीओ सोलन, महाविद्यालय की उप-प्राचार्य तनुजा पाठक और डॉ. अनुज सावहनी ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।
मैराथन में राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ के विद्यार्थियों का दबदबा रहा। लड़कों में संदीप सिंह, मोहित सिंह, जतिन, जसविंदर और अनूप सिंह ने प्रथम पांच स्थान हासिल किए। वहीं लड़कियों में आंचल, वंशिका, प्राची, प्रियंका और रितिका ने शीर्ष पांच स्थान प्राप्त किए। महाविद्यालय के रेड रिबन क्लब के 33 विद्यार्थियों ने भी मैराथन में सक्रिय भागीदारी की।
मैराथन का उद्देश्य विद्यार्थियों को सामुदायिक स्तर पर जागरूकता गतिविधियों से जोड़ना और एचआईवी/एड्स की रोकथाम, सही जानकारी तथा इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना था। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से अभियान को बल मिला। कार्यक्रम में डॉ. हरविंदर सिंह, डॉ. दीपक शर्मा, डॉ. प्रियंका वर्मा, आशीष कुमार, राजहंस और देस राज सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के रेड रिबन क्लब प्रभारी मौजूद रहे।