प्रदेश की सीमा पर नहीं बढ़ाई निगरानी, रात को भी नहीं की जा रही जांच
त्योहारी सीजन में भी शिकायतों के भरोसे बैठा खाद्य सुरक्षा विभाग
जिले में अब तक भरे गए सैंपलों में 70 फीसदी तक हो चुके हैं फेल
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। दिवाली बस कुछ दिन दूर है लेकिन खाद्य सुरक्षा विभाग शिकायतों के भरोसे बैठा हुआ है। विभाग की ओर से केवल दिन के समय ही प्रदेश की सीमा पर निगरानी की जा रही है। वहीं रात के समय निगरानी पूरी तरह से बंद है। यदि कोई शिकायत करता है, तभी विभाग की टीमें मौके पर जाएंगी। रात के समय निगरानी पूरी तरह से बंद है।
प्रदेश में परवाणू और बद्दी सीमा से भारी मात्रा में मिठाइयां बाहरी राज्यों से लाई जाती हैं। इनकी सप्लाई जिला सोलन के अलावा अन्य जिलों को भी भेजी जाती है। दोपहर के समय गिने चुने वाहनों में मिठाइयां व अन्य खाद्य पदार्थों की सप्लाई पाई जाती है। जांच में किसी भी खाद्य पदार्थों के सैंपल अब तक फेल नहीं हुए हैं। वहीं जिले में लिए गए सैंपलों के बाद करीब 70 फीसदी तक सैंपल अब तक फेल हुए हैं। सभी फेल सैंपल लोगों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पाए गए हैं।
प्रदेश की सीमा में खाद्य पदार्थों की जांच को बढ़ाने का काम अब केवल औपचारिकता बनकर रह गया है। दिवाली के समय खाद्य पदार्थों में मिठाइयों की सबसे अधिक बिक्री होती है। ऐसे में विभाग की ओर से प्रदेश की सीमा पर ही खराब सैंपलों को न पकड़ पाना लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बना हुआ है।
कोट
विभाग की ओर से दिन में बाहर से आने वाले मिठाइयों की जांच की जा रही है। अब तक बाहरी राज्यों से आने वाले एक भी खाद्य पदार्थ में खराबी नहीं पाई गई है। अगर कोई शिकायत आती है तो रात के समय भी निगरानी की जाएगी। -वरिंद्रा चौहान, सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा विभाग, सोलन