खाद्य सुरक्षा विभाग नगर निगम सोलन की टीम ने भरे सैंपल
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग नगर निगम की टीम ने बुधवार को चार मिठाइयों समेत खाद्य पदार्थों के कुल 11 सैंपल भरे। टीम की ओर से कारोबारियों को मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट न करने की हिदायत दी गई। विभाग की टीम ने मैसूर पाक, काजूकतली, मुंबई हलवा, कैटबरी ड्राईफ्रूट चॉकलेट के सैंपल भरे। इसके अलावा गाय के दूध के दो, एक भैंस का दूध, पैक्ड मिल्क, दही, पनीर और एक सैंपल गाय के घी का भरा गया। सैंपल जांच के लिए कंडाघाट स्थित फूड टेस्टिंग लैब में भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी में खराबी पाई गई, तो विभाग की ओर से संबंधित कारोबारी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा।
त्योहारी सीजन के दौरान विभाग की ओर से अब शहर में कारोबारियों से अधिक से अधिक सैंपल लिए जा रहे हैं, ताकि समय रहते मिलावट का पता चल सके। खाद्य सुरक्षा विभाग नगर निगम सोलन के सहायक आयुक्त अतुल कायस्थ ने बताया कि विभाग की ओर से सैंपल लेने के साथ-साथ लोगों और कारोबारियों को मिलावटी मिठाइयों व खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। कारोबारियों को मिलावट न करने की हिदायत भी दी जा रही है। यदि किसी कारोबारी के खाद्य पदार्थ में मिलावट पाई गई, तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।