खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर में भरे सैंपल, त्योहार से पहले सुरक्षा की सुनिश्चित
एनालॉग पनीर को लेकर दी सख्त हिदायत, उपयोग करने पर होगी कड़ी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रक्षाबंधन से पहले मिठाई विक्रेताओं पर कार्रवाई की है। मंगलवार को टीम ने शहर में चार खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे। इसमें दो पनीर, जबकि एक-एक दूध और बेसन की बर्फी के सैंपल भरे गए। विभाग की टीम ने सैंपल जांच के लिए सीटीएल लैब कंडाघाट भेज दिए हैं। इनकी रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी खाद्य सामग्री में गड़बड़ी पाई गई, तो संबंधित कारोबारियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जल्द ही त्योहारों का सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे में मिठाइयों की खरीद आम हो जाती है। ऐसे में मिठाइयों में मिलावट न हो और लोगाें के स्वास्थ्य के साथ भी किसी प्रकार का खिलवाड़ न हो, इसे देखते हुए विभाग की टीम ने सैंपल भरे हैं। टीम की ओर से दूध का एक, पनीर के दो और एक सैंपल बेसन की बर्फी का भरा गया है। इस दौरान टीम की ओर से शहर के अलग-अलग ढाबों और होटलों का भी औचक निरीक्षण किया गया। खाद्य सामग्री, तेल और सफाई व्यवस्था की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान कारोबारियों को एनालॉग पनीर को लेकर भी सख्त हिदायत दी गई। यदि कोई होटल या ढाबा संचालक एनालॉग पनीर का उपयोग करता पाया गया, तो उसके कारोबार को ताला भी लगाया जा सकता है।
उधर, नगर निगम सोलन के खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त अतुल कायस्थ ने बताया कि विभाग ने सैंपलों को जांच के लिए भेज दिया है और इनकी रिपोर्ट भी जल्द मिल जाएगी। कहा कि त्योहार के पहले विभाग लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को लेकर कड़ी कार्रवाई कर रहा है।