जिला से भेजे 48 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव
बाहरी राज्यों से सोलन पहुंचे विद्यार्थियों, लोगों के लिए सैंपल थे शामिल
मंगलवार को भी जिला सोलन से कसौली जांच के लिए भेजे 67 सैंपल
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला भर से कोरोना के संबंध में सोमवार को सोलन, बीबीएन सहित बाहरी राज्यों से पहुंचे विद्यार्थियों के 48 सैंपल जांच के लिए कसौली भेजे गए थे। इसमें सभी सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद जिला स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित लोगों ने राहत की सांस ली है। इसमें जिला स्वास्थ्य विभाग कोरोना के संबंध में अपनी निगरानी में रखे लोगों सहित खांसी जुकाम, बुखार वाले लोगों के भी कोरोना के संबंध सैंपल ले रहा है।
इसमें रोजाना जिला के विभिन्न क्षेत्रों में डाक्टर लोगों के सैंपल ले रहे हैं। इसके तहत मंगलवार को भी सोलन, बीबीएन से 67 सैंपल जांच के लिए शिमला और कसौली भेजे गए हैं। संबंधित सैंपलों की रिपोर्ट विभाग को वीरवार तक मिलेगी। जानकारी के अनुसार जिला स्वास्थ्य विभाग बाहरी राज्यों से प्रदेश के लिए पहुंच रहे विद्यार्थियों सहित अन्य लोगों के सैंपल भी ले रहा है। इसमें संबंधित लोगों को प्रदेश सीमा परवाणू सहित सोलन सत्संग भवन में रखा जा रहा है। इस दौरान संबंधित लोगों के स्वास्थ्य की जांच के बाद उन्हें अपने जिला के लिए भेजा जा रहा है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनके गुप्ता ने बताया कि जिला सोलन से भेजे सभी सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसमें बाहरी राज्यों से अपने प्रदेश के लिए पहुंचे विद्यार्थी सहित अन्य लोग शामिल हैं। इसके अलावा मंगलवार को भी जिला से 67 कोरोना के संबंध में सैंपल लिए गए हैं, जिन्हें शिमला और कसौली जांच के लिए भेजा गया है। इसकी रिपोर्ट वीरवार तक आने की उम्मीद है।