सोलन। हिमाचल प्रदेश खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने कहा कि गरीबों का राशन डकारने वाले अधिकारियों को नहीं बख्शा जाएगा। मामले की तह तक जांच होगी। इसकी जांच संबंधित क्षेत्रों के एसडीएम मामले की जांच करेंगे। सोलन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि बीते दिनों जिस तरह से प्रदेश में बीपीएल का राशन डकारने वाले अधिकारियों का मुद्दा सामने आया था उसके बाद कैबिनेट ने फैसला लिया है कि पंचायत स्तर पर एसडीएम की ओर से मामले की जांच की जाएगी। इस मामले में संलिप्त किसी भी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा। मंत्री ने कहा कि अभी तक 140 अधिकारियों पर सरकारी राशन डकारने पर कार्रवाई कर अब तक 26 लाख रुपये भी रिकवरी की गई है। इसके अलावा इस दौरान उन्होंने कहा हिमाचल के ग्रामीण क्षेत्रों में भी अब सब डिपो खोले जा रहे हैं और प्रदेश सरकार नियमित रूप से इसको लेकर कार्य कर रही है। ज्यादातर क्षेत्रों से शिकायत मिल रही थी कि सरकारी डिपो से राशन लेने के लिए उन्हें कई किलोमीटर पैदल सफर तय करके सड़क मार्ग में बने डिपो में आना पड़ता था। अब ऐसे स्थानों को चिन्हित करके गांव में ही सब डिपो स्थापित होंगे, ताकि उन्हें नजदीक में राशन मिल सके। इसके अलावा प्रदेश में उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से लोगों को उपलब्ध करवाई जाने वाली खाद्य सामग्री के समय-समय पर सैंपल लेकर जांच करने के भी निर्देश दिए, ताकि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।