दवां काउंटर और फीस जमा करवाने में लगी रही लंबी कतारें
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल में दो दिन की छुट्टी के बाद मंगलवार को रोगियों और तीमारदारों की खासी भीड़ लगी रही। अस्पताल के मुख्य गेट पर पर्ची, दवा, फीस काउंटर समेत सभी ओपीडी में मरीजों की कतारें लगी रहीं। ओपीडी में अधिक भीड़ के कारण मरीजों को इलाज करवाने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। डॉक्टर भी ओपीडी में लगातार मरीजों की जांच कर रहे थे, मगर भीड़ अधिक होने के कारण समय लगा।
मेडिसिन ओपीडी के बाहर मरीजों की भीड़ को काबू करने के लिए सुरक्षा कर्मियों ने मोर्चा संभाला। इसके बावजूद मरीज बार-बार अपनी बारी आने के बारे में पूछते रहे। यहां तक कि गायनी वार्ड और शिशु वार्ड के बाहर मरीजों की भीड़ देखने को मिली। जिले के सबसे बड़े अस्पताल में सिरमौर, चौपाल समेत आसपास के क्षेत्रों के लोग इलाज के लिए आते हैं। इससे यहां भीड़ लगी रहती है। रविवार और सोमवार को छुट्टी के चलते अस्पताल में केवल आपातकाल में ही इलाज मिल पाया।
उधर इस बारे में क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के चिकित्सा अधीक्षक डॉ एसएल वर्मा ने बताया कि दो दिनों तक छुट्टी के कारण लोग रूटीन जांच के लिए अस्पताल नहीं आ पाए। ऐसे में मंगलवार को मरीजों की भीड़ लगी रही। हालांकि सभी को समय पर इलाज दिया गया।