सरी नाला के पास सड़क निर्माण के दौरान हादसा, पत्थरों के बीच लहूलुहान मिला शव
सड़क पर गटका बिछाने का चल रहा था काम
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन (अर्की)। उपमंडल अर्की के सरी नाला के समीप एक सड़क हादसे में रोड रोलर के चालक की जान चली गई। सड़क निर्माण कार्य में लगा रोलर अनियंत्रित होकर अचानक गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयानक था कि चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में प्रत्यक्षदर्शी अरविंद (निवासी मुरादाबाद, यूपी) ने बताया कि मंगलवार को सरी नाला के पास सड़क पर गटका बिछाने का काम चल रहा था। रोलर चालक चंद्रभान सुबह से काम में जुटा था। शाम करीब 5:45 बजे अचानक नाले में किसी भारी चीज के गिरने की जोरदार आवाज सुनाई दी। जब मौके पर मौजूद मजदूर वहां पहुंचे, तो सड़क से रोलर गायब था और वह नीचे खाई में जा गिरा था। हादसे के तुरंत बाद सहकर्मी और स्थानीय लोग खाई की ओर भागे। वहां चालक चंद्रभान पत्थरों के बीच लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। एसपी सोलन टीएसडी वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसा चालक की लापरवाही और गफलत के कारण होना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सूचित कर दिया गया है।