शहर से गुजर रहे ओल्ड एनएच शिमला-कालका की टीटीआर तक की खस्ता हालत से लोग बेहाल हैं। इस मार्ग की मरम्मत को लेकर शिमला जाकर राजनैतिक रोटियां तो सेंकी जा रही हैं लेकिन मार्ग को नए सिरे से मेटलिंग करने का काम पूरा नहीं हो पा रहा। ऐसे में रोजाना इस मार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों के अलावा सैलानियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने प्रदेश सरकार से इस सड़क को जल्द दुरुस्त करने की मांग की है।
लोनिवि और नगर परिषद के अधिकारी इस सड़क को दुरुस्त करने का आश्वासन तो दे रहे हैं लेकिन जमीनी हकीकत पर मामूली पैचवर्क के नाम पर लोगों से धोखा हो रहा है। पहले जहां कांग्रेस समर्थित परवाणू नगर परिषद के अध्यक्ष ठाकुर दास शिमला जाकर सीपीएस से सड़क की खस्ता हालत का रोना रो चुके हैं। अब भाजपा के एक प्रतिमंडल ने मंगलवार को परवाणू के सहायक आयुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा। इसकी एक प्रतिलिपि परवाणू बैरियर में स्थित लोक निर्माण कार्यालय में एसडीओ परवाणू को सौंपी है। इस मौके पर भाजपा कसौली मंडल अध्यक्ष दौलत ठाकुर, राकेश भाटिया, विकास सेठ, प्रकाश वर्मा, अश्वनी शर्मा, सुरिंद्र शांडिल, विजय शर्मा, यूएस मंडयाल और हरविलास मौजूद रहे। दूसरी तरफ खस्ताहाल सड़क से आम लोगों से लेकर उद्योग जगत तक प्रभावित हो रहा है।
मुख्यद्वार का हाल परेशानी भरा : भाजपा
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रदेश भाजपा सचिव डेजी ठाकुर ने कहा कि यहां पर प्रदेश के प्रवेश द्वारा में ही सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि प्रदेश में आने वाले सड़क की हाल देख कर परेशान हो उठते हैं। इस सड़क कि कई सालों से टायरिंग ही नहीं की गई है। इस कारण सड़क की स्थिति दिनोंदिन खराब होती जा रही है औैर ऐसे में यहां पर कई हादसे भी हो चुकें हैं जिसमें कई लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा है। दूसरी ओर यहां पर सड़क के दोनों ओर पानी की निकासी के लिए बनाए गईं नालियां भी पूरी तरह से बंद हैं। इस कारण यहां पर बरसात के दिनों में सारा पानी सड़कों में बहता है और इससे सड़क की सारी टायरिंग उखड़ जाती है।
सीपीएस को करवाया हैै अवगत : कांग्रेस
कांग्रेस समर्थित नप अध्यक्ष ठाकुर दास शर्मा ने कहा कि परवाणू से गुजर रहे ओल्ड एनएच की खस्ता हालत चिंताजनक है। इस मामले में नगर परिषद परवाणू भी गंभीर है। इसको लेकर पिछले दिनों नगर परिषद परवाणू का प्रतिनिधिमंडल शिमला में लोक निर्माण विभाग के सीपीएस विनय कुमार से मिला था। उन्होंने इस मामले में तुरंत कार्रवाई कर विभाग के अधिकारियों को सड़क को ठीक करने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने आश्वासन भी दिया है कि जल्द ही इस सड़क की पूरी टायरिंग की जाएगी जिस के टेंडर भी हो चुके है ।
आम जनता की राय
स्थानीय निवासी प्रमोद कुमार, विनय कुमार, राजठाकुर और शक्ति चंद ने कहा कि खस्ता हालत होने के कारण अक्सर धूल मिट्टी उड़ती रहती है। इससे परवाणू शहर में लगातार वायु प्रदूषण भी बढ़ रहा है। इस कारण कारोबार करना कठिन हो रहा है। धूल आकर दुकानें में गिरती है। इसलिए प्रदेश सरकार और लोक निर्माण विभाग को चाहिए कि प्रदेश के प्रवेशद्वार में प्रमुखता से सड़क को ठीक करवाया जाए। लोगों का कहना है कि पैचवर्क की गुणवत्ता भी सही नहीं रहती।
जल्द भेजेंगे डीपीआर : लोनिवि
लोनिवि के एसडीएओ बीएस राणा ने कहा कि लोगों को फौरी राहत देने के लिए पैचवर्क किया जा रहा है। लेकिन पूरी सड़क की तीन इंच मोटी मेटलिंग जल्द की जाएगी। इसकी डीपीआर बनाकर सरकार को जल्द भेजी जा रही है। परवाणू बैरियर से लेकर टीटीआर तक यह सड़क नए सिरे से तैयार किए जाने की योजना है।