डॉ. मस्तराम में मुख्यमंत्री सहित मंत्री को लिखा पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट (सोलन)। दाड़लाघाट में सड़क की दयनीय स्थिति को लेकर हिमाचल संस्कृत अकादमी के पूर्व सचिव डॉ. मस्तराम शर्मा ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, सीपीएस संजय अवस्थी और प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह को एक पत्र लिखा है। उन्होंने बताया कि दाड़लाघाट में सड़क की हालत दयनीय है। राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर यातायात की आवाजाही होने के कारण और सड़क किनारे बेतरतीब पार्क की गई गाड़ियों की वजह से राहगीरों को बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, यहां हर समय दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है।
उन्होंने कहा कि दाड़लाघाट में जहां पर नया बस अड्डा बन रहा है, उसके पास सड़क पर गड्ढे हैं। लोअर हिमाचल से विधायक और मंत्री यहीं से आवाजाही करते हैं, लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा। उन्होंने कहा कि इस सड़क को पक्का करने की जरूरत है, क्योंकि यहां पर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों को अब पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि सड़क के किनारे पैदल चलने का मार्ग अलग से बनना चाहिए। इसके अलावा विभाग सड़क की पूरी भूमि का अधिग्रहण कर उसे चौड़ा करे ताकि यहां दुर्घटनाएं न हों।