न्यू नालागढ़ में सड़क पर पानी भरने से लोगों ने निकाली नाली- स्रोत- संवाद।
रख राम सिंह कॉलोनी में निकासी की व्यवस्था नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। न्यू नालागढ़ की रख राम सिंह कॉलोनी में पानी निकासी की उचित व्यवस्था न होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह क्षेत्र गागूवाल पंचायत के अधीन आता है, लेकिन यहां बुनियादी सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं।
बारिश के दौरान लोगों के घरों के आगे पानी भर जाने से हालात बिगड़ गए। मजबूरन स्थानीय लोगों ने खुद ही सड़क खोदकर पानी की निकासी का रास्ता बनाया, जबकि पंचायत की ओर से यहां पाइप डालकर स्थायी व्यवस्था की जानी चाहिए थी।
स्थानीय निवासी रीना देवी, सुमन, सुमित कुमार और जतिंदर सिंह ने बताया कि जलभराव के कारण पैदल चलना मुश्किल हो गया है। रास्ते में पानी भरने से दोपहिया वाहन चालकों पर उछलकर पानी गिर रहा है, जिससे समस्या और बढ़ रही है।
पंचायत प्रधान दीदार सिंह ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं था। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि यदि कोई समस्या है तो उसे पंचायत कार्यालय में सचिव के पास दर्ज करवाएं, ताकि उसका समाधान किया जा सके।