आईटीआई दाड़लाघाट में फ्रेशर पार्टी का आयोजन
विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट(सोलन)। अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन आईटीआई दाड़लाघाट में स्किल विद इनोवेशन थीम के साथ फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्य सुरक्षा अधिकारी एसीएल पदम सिंह पंवर मुख्यातिथि रहे। संस्थान में एक आदर्श और रोमांचित माहौल के साथ नए छात्रों का स्वागत किया गया। फ्रेशर पार्टी का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना के साथ हुआ। समारोह में विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
इस दौरान रैंप वॉक टास्क परफॉर्मेंस, संगीत नृत्य आदि कार्यक्रम हुए। फ्रेशर पार्टी के दौरान मुख्यातिथि पदम सिंह पंवर ने छात्रों को अपनी प्रतिभा को निखारने और निरंतर जीवन में आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रकार की मॉडलिंग की प्रतियोगिताओं से गुजरने के बाद मिस्टर और मिस फ्रेशर का चयन किया गया। जिसमें कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट कोर्स की छात्रा रीता मिस फ्रेशर व इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक कोर्स के छात्र टीटू को मिस्टर फ्रेशर चुना गया। संस्थान के प्रधानाचार्य राजेश शर्मा ने छात्रों के बेहतर भविष्य की कामना की और विभिन्न कोर्सों के छात्रों को आपस में एक सामंजस्य पूर्ण वातावरण बनाने के लिए प्रेरित किया।