बरसात में ओवरफ्लो हो सकता है नाला, लोगों ने नाले की सफाई और खुले पुल निर्माण की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट (सोलन)। शिमला-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग-205 पर दाड़लाघाट के अंबुजा चौक में निकासी नाले की एक पुलिया कई दिनों से बंद पड़ी है। इसके अलावा नाले के समीप एक बड़ा पत्थर भी गिरा हुआ है। ऐसे में बरसात के दौरान जलभराव और नाले के ओवरफ्लो होने का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय दुकानदारों और लोगों ने प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि वर्तमान में पानी की निकासी केवल एक पुलिया से हो रही है। तेज बारिश के दौरान पानी का पूरा दबाव एक ही पुलिया पर आ जाता है, जिससे नाला ओवरफ्लो होकर दुकानों में घुस जाता है। इससे दुकानों में रखा सामान खराब होने के साथ व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। दुकानदारों ने बताया कि पहले भी कई बार ऐसी स्थिति बन चुकी है। लोगों के अनुसार करीब चार-पांच दिन पहले इस समस्या से पंचायत प्रधान को अवगत करवाया गया था। पंचायत प्रधान ने अंबुजा प्रबंधन से बातचीत कर नाले की सफाई करवाने और गिरे हुए पत्थर को हटाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक न तो सफाई का काम शुरू हुआ है और न ही पत्थर हटाया गया है। बंद पड़ी पुलिया भी अभी तक नहीं खोली गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भारी बारिश में जलभराव से दुकानों, सड़क और आसपास के क्षेत्र को नुकसान पहुंच सकता है। उन्होंने बताया कि इस समस्या का स्थायी समाधान अंबुजा चौक पर खुले पुल (ओपन ब्रिज) के निर्माण से ही संभव है। लोगों ने बताया कि विधायक संजय अवस्थी ने भी पहले यहां खुले पुल के निर्माण का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक कार्य शुरू नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन, अंबुजा प्रबंधन, पंचायत प्रतिनिधियों और विधायक से जल्द कार्रवाई कर नाले की सफाई, पत्थर हटाने, बंद पुलिया खोलने और खुले पुल के निर्माण की मांग की है।