डिग्री कॉलेज सोलन में शपथ समारोह के दौरान मौजूद विद्यार्थी। स्त्रोत कॉलेज प्रशासन
- फोटो : अमर उजाला
कॉलेज में पहले चार प्रमुख पदों पर चार छात्राओं ने जमाया कब्जा, शपथ ली
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। राजकीय महाविद्यालय सोलन के सभागार में केंद्रीय छात्र परिषद (एससीए) के लिए शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इसमें चार मुख्य पदों पर छात्राओं ने कब्जा जमाया है। इस समारोह में बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा ऋषिता ने अध्यक्ष, बीए तृतीय वर्ष की निशिता ठाकुर ने उपाध्यक्ष, बीकॉम द्वितीय वर्ष की मुस्कान खान ने महासचिव और बीए प्रथम वर्ष की कोमल ने संयुक्त सचिव के रूप में शपथ ग्रहण की। कुल 40 विद्यार्थियों में से 28 ने एकेडमिक उपलब्धियों के आधार पर और 12 ने एनसीसी एनएसएस, रोवर रेंजर्स, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों व क्लब में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सदस्यों के रूप में शपथ ग्रहण की। इन सभी को महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापकों ने शपथ दिलवाई। कार्यक्रम का संचालन एससीए समिति के सदस्य डॉ. एनआर कश्यप ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी शिक्षक, गैर शिक्षक वर्ग के कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे। प्राचार्या डॉ. मनीषा कोहली ने काॅलेज केंद्रीय छात्र संघ के सदस्यों को बधाई देते हुए काॅलेज प्रशासन के साथ मिलकर महाविद्यालय के विकास के लिए कार्य करने का आग्रह किया। काॅलेज की केंद्रीय छात्र संघ कमेटी की सह समन्वयक प्रो. निवेदिता पाठक ने बताया कि महाविद्यालय केंद्रीय छात्र संघ का गठन विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार मेरिट के आधार पर किया गया है।