संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ में आयोजित होने वाली 69वीं स्कूल गेम्स (अंडर-19) राष्ट्र स्तरीय कन्या कबड्डी चैंपियनशिप की तैयारियों को लेकर वीरवार को राजकीय महाविद्यालय में समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता शिक्षा विभाग के अतिरिक्त निदेशक बीआर शर्मा ने की, जबकि टूर्नामेंट इंचार्ज व संयुक्त निदेशक जगदीश चंद नेगी विशेष रूप से मौजूद रहे। बरोटीवाला स्कूल की प्रधानाचार्य बबीता परमार ने बताया कि बैठक में विभिन्न समितियों ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से आवास, भोजन, सुरक्षा और खेल मैदान की तैयारियों का ब्योरा दिया। अतिरिक्त निदेशक बीआर शर्मा ने तैयारियों पर संतोष जताया और समितियों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खिलाड़ियों की सुरक्षा और सुविधाओं में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। इस मौके पर डीएसपी नालागढ़ भीष्म ठाकुर और तहसीलदार हुस्न चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।