पेंशनरों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का दिया आश्वासन
पेंशनर एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ सायरी ने मनाया स्थापना दिवस
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि प्रदेश के विकास में सेवानिवृत्त कर्मचारियों और वरिष्ठ नागरिकों का अहम योगदान है। प्रदेश सरकार सदैव सेवानिवृत्त, सेवारत कर्मियों एवं वरिष्ठ नागरिकों की ऋणी रहेगी। डॉ. शांडिल वीरवार को जिले की ग्राम पंचायत सायरी में पेंशनर एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ सायरी के 19वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
डॉ. शांडिल ने बताया कि पेंशनरों और वरिष्ठ नागरिकों के लाभ के लिए परिस्थितियों के दृष्टिगत सभी उचित निर्णय लिए जा रहे हैं। उन्होंने पेंशनरों की विभिन्न समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों एवं वरिष्ठ नागरिकों से आग्रह किया कि युवा पीढ़ी का मार्गदर्शन करें ताकि युवा नशे की लत में न पड़ें।
उन्होंने कहा कि सायरी स्थित स्वास्थ्य केंद्र को आदर्श स्वास्थ्य संस्थान बनाया गया है। सायरी में पुलिस थाना खोला गया है। यहां पर आधुनिक आईटीआई का निर्माण भी किया जा रहा है। उन्होंने पेंशनर एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ को अपनी ऐच्छिक निधि से 25 हजार रुपए देने की घोषणा की। डॉ. शांडिल ने इस अवसर पर जन समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को इनके निपटारे के निर्देश दिए। वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ के अध्यक्ष जीआर भारद्वाज ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और मांगे प्रस्तुत की।
इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अखिल भारतीय अर्धसैनिक बल सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ के अध्यक्ष बीके शर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
इस दौरान ग्राम पंचायत सायरी की प्रधान अंजू राठौर, ग्राम पंचायत काहला की प्रधान रीता कौंडल, खंड कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, पेंशन कल्याण संघ सायरी के प्रधान बेली राम राठौर, पेंशनर कल्याण संघ पट्टा बरौरी के प्रधान डीडी कश्यप, आरआर शर्मा, उपमंडलाधिकारी कंडाघाट सिद्धार्थ आचार्य सहित विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक और ग्रामीण इस अवसर पर उपस्थित रहे।