पहले चरण में कूड़ा व प्रोपर्टी टैक्स बिल जमा करवाने की मिलेगी सुविधा
नगर निगम सोलन ने प्रदेश सरकार के एप से किया टाइअप
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहरवासियों अब सिटीजन पोर्टल के माध्यम से नगर निगम के बिल जमा करवा सकेंगे। पहले चरण में प्रॉपर्टी टैक्स व कूड़ा बिल जमा करवाने की सुविधा मिलेगी। इससे पहले नगर निगम की ओर से लोगों को लिंक भेजा जाता था। इसमें काफी दिक्कत आती थी। निगम की ओर से प्रदेश सरकार के एप से टाइअप किया है। पोर्टल शहरी एवं विकास विभाग की ओर से तैयार किया गया है। इससे अब आसानी हो जाएगी। इस सुविधा के बाद निगम एनओसी समेत अन्य 45 अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी। नगर निगम की ओर से बीते दिनों सिटीजन पोर्टल पर शहरवासियों का डाटा ऑनलाइन किया। आगामी दिनों में जारी होने वाले सभी प्रकार के बिल अब इसी पोर्टल के माध्यम से जमा होंगे। पहले शहरवासियों को ऑनलाइन सुविधा देने के लिए लिंक मैसेज से भेजें जाते हैं, लेकिन कई बार लिंक नहीं खुलते थे। कई बार पोर्टल धीमी गति से चलने के कारण पेमेंट भी नहीं हो पाती थी। इसके बाद लोगों को नगर निगम के चक्कर काटने को मजबूर होना पड़ता था। इससे अधिकतर परेशानी नौकरीपेशा करने वाले लोगों को आती थी। उन्हें बिल आदि का भुगतान ऑनलाइन न होने पर निगम के बिल काउंटर पर लाइन में लगना पड़ा। इससे समय भी बर्बाद हो जाता था, लेकिन लोगों को इतना झंझट नहीं होगा।
इनसेट
आईडी में नहीं होगा कोई बदलाव
शहर में नगर निगम की ओर से बिल जमा करवाने के लिए आईडी तैयार की गई है। इसी आईडी के माध्यम से बिल जमा होते है। अब नया पोर्टल होने के कारण असमंजस पैदा हो गया था कि अब फिर आईडी में बदलाव होगा, लेकिन नगर निगम की ओर से सिटीजन पोर्टल पर पुरानी ही आईडी से डाटा ट्रांसफर करने का कार्य किया जा रहा है। इससे लोग वर्तमान में दी गई आईडी से ही बिल व अन्य कार्य कर सकेंगे। ऐसा होने से नगर निगम कर्मचारियों को भी फायदा हुआ है।
इनसेट
शहरी एवं विकास विभाग की ओर से सिटीजन पोर्टल तैयार किया है। लोगों को इसकी सुविधा प्रदान कर दी है। पहले चरण में लोगों को कूड़ा और प्रोपर्टी के बिल जमा करवाने की सुविधा दी जाएगी।
-ऊषा शर्मा, महापौर, नगर निगम सोलन