लोनिवि भवन की पुरानी छत तोड़ कर नई डालेगा
भवन की मरम्मत के लिए जारी किए 7.5 लाख रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़(सोलन)। नालागढ़ क्षेत्र के लूनस पंचायत में स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र का भवन की मरम्मत का काम शुरू हो गया है। इस कार्य पर 7.50 लाख रुपये खर्च होंगे। अमर उजाला में उप स्वास्थ्य केंद्र की खस्ताहालत की खबर प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया और इसकी मरम्मत के आदेश जारी किए। जिससे अब यहां पर उप स्वास्थ्य केंद्र पर छत डाली जाएगी। साथ ही इसमें भवन को पूरा सही किया जाएगा, ताकि यहां पर लोगों को सुविधा मिल सके।
गौर रहे कि 1979 में लूनस में उप स्वास्थ्य केंद्र खोला गया था। यहां पर पहले स्वास्थ्य कर्मी था लेकिन पिछले दो साल से इस भवन में ताला लटका हुआ है। यहां पर न तो स्वास्थ्य कर्मी आया और न ही यह भवन बैठने लायक था। विभाग ने इसे एक वर्ष पूर्व ही असुरक्षित घोषित कर दिया था। गांव के एक व्यक्ति ने स्वास्थ्य विभाग को जमीन दी थी लेकिन अब उक्त व्यक्ति की मौत हो गई है और परिवार के लोगों ने भवन परिसर के आगे खेती करना शुरू कर दिया था। इन लोगों का कहना था कि जब स्वास्थ्य केंद्र में बंद है तो उनकी बेकार पड़ी उपजाऊ जमीन की इस्तेमाल किया जाए। यहां पर पिछले बरसात में टमाटर की फसल लगाई गई थी और वर्तमान में यहां पर लहसुन लगाया गया है।
पंचायत की प्रधान सुरेंद्रा देवी, वार्ड सदस्य सुमन देवी, ईश्वर दास, किशन चंद और हीरा लाल ने बताया कि यहां पर उपस्वास्थ्य केंद्र में न तो दवा है न ही स्वास्थ्य कर्मी। लोगों को स्वास्थ्य सुविधा लेने के लिए नंड जाना पड़ता है। जिससे आने जाने में लोगों का पूरा दिन खराब हो जाता है। यहां पर अन्य स्वास्थ्य केंद्र का स्वास्थ्य कर्मी टीकाकरण के लिए आता है। लेकिन भवन की हालत ठीक न होने से आंगनबाड़ी केंद्र में ही टीकाकरण करके वापस चला जाता है।
उधर, बीएमओ ड़ॉ. मुक्ता रस्तोगी ने बताया कि भवन की मरम्मत के लिए धन राशि लोनिवि में जमा करा दी गई है। उधर, लोनिवि के सहायक अभियंता ईश्वर चंद ठाकुर ने बताया कि विभाग के पास स्वास्थ्य विभाग ने पैसा जमा करा दिया है और इस भवन की मरम्मत शुरू करवा दी गई है। पुरानी छत को तोड़ कर नई डाली जाएगी। इसके अलावा प्लास्टर होगा और नया फर्श भी डाला जाएगा।