स्वास्थ्य मंत्री ने काम का किया शुभारंभ
स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी जागरूक करने की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने नगर निगम की ओर से 18.50 लाख से मरम्मत किए जा रहे बहुउद्देशीय भवन के जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ किया। यह भवन नगर निगम की बैठकों के साथ-साथ आम जनता के लिए भी उपयोगी होगा। लोग इसे शादी, जन्मदिन तथा अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के लिए आसानी से बुक कर सकेंगे।
इससे पहले यह भवन काफी खस्ताहाल स्थिति में था। अब इसे आधुनिक रूप दिया जा रहा है। भवन की दीवारों पर आकर्षक वॉल पेंटिंग भी करवाई गई है। इस अवसर पर नगर निगम की ओर से एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपने शहर और क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने में योगदान दें। स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण भी अत्यंत आवश्यक है। पर्यावरण हमारे जीवन का आधार है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाकर धरती को हरा-भरा बनाना चाहिए। मंत्री ने कहस कि नगर निगम क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही पेयजल वितरण की समस्या को अब नगर निगम से जल शक्ति विभाग को सौंपकर दूर किया गया है, जिससे नागरिकों को राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में गीता आदर्श विद्यालय, सोलन के बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित लघु नुक्कड़ नाटिका प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया। इस अवसर पर नगर निगम सोलन की महापौर ऊषा शर्मा, उपमहापौर मीरा आनंद, पार्षद राजीव कौड़ा, सरदार सिंह ठाकुर, ईशा पराशर, पूजा, संगीता, सीमा, रजनी, अभय शर्मा सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
आपदा राहत कोष में योगदान की अपील
शांडिल ने कार्यक्रम में वर्षा से हो रहे नुकसान पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के चलते कई लोगों के घर गिर चुके हैं। ऐसे में हम सभी को एकजुट होकर राहत कार्यों में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने लोगों से आपदा राहत कोष में यथासंभव योगदान देने और दूसरों को भी प्रेरित करने का आग्रह किया।