सोलन। बघाट बैंक के ग्राहकों के लिए जहां एक ओर 519 ग्राहकों के खातों में पांच लाख रुपये तक की रकम आ गई है। वहीं, अब 2108 ग्राहकों को भी जल्द ही बीमा राशि का पैसा मिलेगा। इसके लिए बीमा कंपनी ने करीब 50 करोड़ रुपये का बजट अप्रूव किया है। जल्द ही बचे हुए ग्राहकों के खातों में यह राशि आना शुरू होगी। बघाट बैंक में करीब 3600 लोगों ने बीमा के फार्म भरे थे, जिसके तहत उन्हें पांच लाख रुपये तक मिलने थे। बीते सप्ताह 519 ग्राहकों के खातों में बीमा का पैसा आ गया था। वहीं अब 2108 ग्राहकों के खातों में यह राशि आएगी। हालांकि, इसमें करीब 1000 ग्राहकों के फार्म रिजेक्ट भी हो गए हैं। इनमें औपचारिकताएं पूरी नहीं होने के कारण रिजेक्ट किया गया है। अब इसमें कुछ न कुछ खामियां पाई गईं थीं।
हालांकि, ग्राहक अब इन खामियों को पूरा कर देंगे तो उनके खातों में भी यह राशि आनी शुरू हो जाएगी। गौरतलब है कि बघाट बैंक में 8 अक्तूबर को कैपिंग लग गई थी, जिसके बाद बैंक में ग्राहकों को छह माह तक केवल 10 हजार रुपये ही मिलने थे। वहीं, बैंक ने उसके बाद अपने ग्राहकों से बीमा के फार्म भरवाना शुरू किया था। इसके तहत जिस भी ग्राहक का खाता बैंक में है उसका 5 लाख तक का बीमा हुआ था। यही बीमा का पैसा अब ग्राहकों को मिल रहा है। हालांकि, अभी बैंक का एनपीए भी अब 138 करोड़ से घटकर 117 करोड़ पहुंच गया है। यदि यह 100 करोड़ से नीचे आता है तो कैपिंग हटने की उम्मीद हो जाएगी। उधर, इस बारे में बैंक के प्रबंध निदेशक राजकुमार कश्यप ने बताया कि बैंक के 519 ग्राहकों को बीमा की राशि मिल चुकी है। वहीं 2108 ग्राहकों के खाते में जल्द राशि आएगी। यह वह ग्राहक हैं, जिन्होंने बीमा के फाॅर्म भरे थे। इसमें कुछ ग्राहकों के फाॅर्म में आॅब्जेक्शन लगा है। यदि वह उसमें फार्मेलिटी पूरी कर देंगे, तो उनके खातों में भी राशि आ जाएगी।