प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक में मांगों पर चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। प्राथमिक शिक्षक संघ खंड नालागढ़ की बैठक संघ की प्रधान तेजवीर कौर की अध्यक्षता में पंजैहरा में हुई। बैठक में शिक्षकों से जुड़ी समस्याओं पर विचार-विमर्श कर कई प्रस्ताव पारित किए गए।
संघ ने क्लस्टर प्रणाली लागू होने की स्थिति में एक अध्यापक या अध्यापकों की कमी वाले विद्यालयों तथा किसी अध्यापक की छुट्टी होने पर उच्च पाठशाला से प्रतिनियुक्ति पर अध्यापक भेजने संबंधी प्रस्ताव पारित किया। बैठक में निर्णय लिया कि शिक्षकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के लिए अब लिखित आवेदन लेकर मामलों का निपटारा किया जाएगा। जिन शिक्षकों के विभागीय पहचान पत्र अभी तक नहीं बने हैं, उनकी केंद्रवार सूची प्राप्त होने पर शीघ्र पहचान पत्र जारी किए जाएंगे।
संघ ने यह भी प्रस्ताव पारित किया कि टेट की अनिवार्यता वर्ष 2010 से पहले नियुक्त शिक्षकों पर लागू न की जाए। साथ ही विभाग से आग्रह किया कि एचटी, सीएचटी और बीईईओ पदोन्नति सूची शीघ्र जारी की जाए, ताकि योग्य शिक्षकों को पदोन्नति का लाभ मिल सके। बैठक में यह भी मांग की गई कि मुख्यमंत्री बाल पोषण योजना के तहत लंबित राशि तथा जुलाई से सितंबर तक के मध्यान्ह भोजन के चावल का कोटा जल्द जारी किया जाए। संघ ने निर्णय लिया कि संघ की अगली त्रैमासिक बैठक समय और परिस्थिति अनुसार आयोजित की जाएगी।