पट्टा में जिप व पंचायत समिति के चुनाव की मतगणना को लकेर पूर्वाभ्यास में भाग लेते हुए अधिकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला(सोलन)। जिला परिषद एवं पंचायत समिति चुनावों की मतगणना प्रक्रिया को सफल, पारदर्शी, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से शुक्रवार को विकास खंड पट्टा में मतगणना पूर्वाभ्यास का आयोजन किया गया। पूर्वाभ्यास के दौरान मतगणना ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतगणना की संपूर्ण प्रक्रिया, मतपत्रों की जांच, गणना, अभिलेख संधारण तथा परिणाम संकलन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों की ओर से मतगणना स्थल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया तथा संबंधित कर्मचारियों को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से मतगणना प्रक्रिया संपन्न करवाने के निर्देश दिए गए। खंड विकास अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी पट्टा कुलदीप सिंह ने कहा कि प्रशासन की ओर से मतगणना प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं और सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियों के संबंध में आवश्यक प्रशिक्षण एवं दिशा-निर्देश प्रदान किए जा चुके हैं। मतगणना पूर्वाभ्यास में कुल 25 मतगणना टेबल स्थापित की गईं, जिनमें प्रत्येक टेबल पर तीन-तीन कर्मचारियों की नियुक्ति की गई। प्रत्येक टीम को मतगणना कार्य के विभिन्न चरणों का व्यवहारिक अभ्यास करवाया गया। वास्तविक मतगणना के दौरान किसी प्रकार की त्रुटियां भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो। इसके अतिरिक्त किसी भी आकस्मिक आवश्यकता अथवा अतिरिक्त कार्यभार की स्थिति से निपटने के लिए 6 रिजर्व टीमों को भी तैयार रखा गया।