इस बार विज्ञान नाटक शामिल
विभाग का शेड्यूल जारी, निजी और सरकारी स्कूल लेंगे भाग
जोन स्तर सितंबर, जिला की अक्तूबर और राज्य स्तर की नवंबर में होगी प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। प्रदेश के सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण 10 से 25 अगस्त तक चलेगा। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों और मार्गदर्शक शिक्षकों के लिए पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य होगा। इस वर्ष पहली बार प्रतियोगिता में विज्ञान नाटक को भी शामिल किया गया है।
वैज्ञानिक प्रोजेक्ट रिपोर्ट के लिए आयु पात्रता 31 दिसंबर 2026 के आधार पर निर्धारित की है। जूनियर वर्ग में 10 से 14 वर्ष आयु के वे विद्यार्थी भाग ले सकेंगे, जिनकी जन्मतिथि 31 दिसंबर 2012 से 31 दिसंबर 2016 के बीच है। सीनियर वर्ग में 14 से 17 वर्ष आयु के वे विद्यार्थी पात्र होंगे, जिनकी जन्मतिथि 31 दिसंबर 2009 से 30 दिसंबर 2012 के बीच है।
सितंबर में उपमंडल स्तर पर जोन-एक और जोन-दो कह प्रतियोगिताएं होंगी। इसके बाद अक्तूबर में जिला स्तरीय तथा नवंबर में राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं होंगी। वैज्ञानिक प्रोजेक्ट रिपोर्ट और विज्ञान नाटक की प्रतियोगिताएं सीधे जिला स्तर पर आयोजित की जाएंगी। जिला विज्ञान पर्यवेक्षक अमरीश शर्मा ने बताया कि इस वर्ष विद्यार्थी छह गतिविधियों वैज्ञानिक प्रोजेक्ट रिपोर्ट, विज्ञान प्रश्नोत्तरी, नवाचारी विज्ञान मॉडल, गणित ओलंपियाड, साइंस एक्टिविटी कॉर्नर और विज्ञान नाटक - में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि आयोजन को सुचारू बनाने के लिए नवगठित उपमंडलों को भी पोर्टल से जोड़ दिया गया है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के दौरान निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा।
जिला उप शिक्षा निदेशक (प्रारंभिक) कुमारी रीता गुप्ता ने बताया कि प्रदेश के सभी सरकारी और निजी स्कूल प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं। उन्होंने विद्यालयों से अपील की कि पोर्टल खुलने के बाद समय रहते विद्यार्थियों और मार्गदर्शक शिक्षकों का पंजीकरण सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।