अस्पताल प्रशासन ने नए काउंटर पर कर्मचारियों की तैनाती के लिए भेजा प्रस्ताव
पर्ची काउंटर पर लगने वाली लंबी कतारों के कारण मरीज हो रहे हैं परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को जल्द ही पर्ची कटवाने के लिए लंबी कतारों में घंटों नहीं जूझना पड़ेगा। अस्पताल प्रशासन ने मरीजों की सुविधा के लिए पर्ची काउंटर का विस्तार करने की एक व्यापक योजना तैयार की है, जिसको लेकर तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं।
वर्तमान में काउंटर पर कर्मचारियों की कमी को देखते हुए, अस्पताल प्रशासन की ओर से नए स्टाफ की तैनाती के लिए सरकार को एक औपचारिक प्रस्ताव भेजा गया है। जैसे ही सरकार से इस प्रस्ताव और कर्मचारियों की तैनाती को मंजूरी मिलती है, अस्पताल परिसर के भीतर एक और नया पर्ची काउंटर खोल दिया जाएगा। इस नए काउंटर के खुलने से काउंटर पर लगने वाली भीड़ और मरीजों की परेशानी काफी हद तक कम हो जाएगी। दरअसल, मौजूदा समय में अस्पताल की ओपीडी शुरू होने से पहले, यानी सुबह 9:00 बजे से ही मरीजों की लंबी-लंबी कतारें लग जाती हैं। आलम यह है कि कई मरीजों को सिर्फ पर्ची बनवाने और ओपीडी तक पहुंचने में ही आधे से लेकर डेढ़ घंटे तक का समय लग रहा है। अस्पताल आने वाले अधिकांश मरीजों की यही शिकायत है कि उन्हें डॉक्टर से परामर्श लेने में उतना समय नहीं लगता, जितना पर्ची काउंटर की लाइनों में खड़े रहने में बीत जाता है।
इनसेट
सुबह 10 से 12 बजे तक रहती है सबसे ज्यादा भीड़
अस्पताल में रोजाना सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे के बीच अस्पताल में सबसे ज्यादा भीड़ उमड़ती है। इस पीक ऑवर में मरीजों को सबसे ज्यादा इंतजार करना पड़ता है। हालांकि, राहत की बात यह है कि प्रशासन ने वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुछ दिन पहले ही एक बंद पड़े पर्ची काउंटर को दोबारा शुरू किया है, जिससे बुजुर्गों को काफी सहूलियत मिल रही है।
कोट
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में सुबह के समय पर्ची काउंटर पर लगने वाली मरीजों की लंबी कतारों को कम करने के लिए प्रशासन ने काउंटर विस्तार की योजना बनाई है। इसके तहत काउंटर पर काम करने वाले नए कर्मचारियों की तैनाती के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। मंजूरी मिलते ही एक अलग काउंटर तैयार कर दिया जाएगा, जिससे मरीजों को लंबी कतारों से निजात मिलेगी। - डॉ. राकेश पंवार चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन