जुखाम, बुखार और पेट खराब के आ रहे हैं ज्यादातर मरीज
पानी खराब होने से आई समस्या, वार्डों में भी एक बेड पर दो-दो मरीज दाखिल
डायरिया के भी कई मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर में अचानक हो रही बारिश और बीच-बीच में खिल रही तेज धूप के कारण क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के मेडिसिन वार्ड के बाहर मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। यहां उपचार के लिए पहुंच रहे कई मरीजों में जुकाम, बुखार और पेट खराब की समस्याएं लेकर आ रहे हैं। एक सप्ताह में ही ओपीडी दो गुना तक बढ़ गई है। भीड़ के कारण मरीजों को ओपीडी के बाहर खड़े रहने तक की जगह नहीं मिल पा रही।
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में रोजाना जुकाम, बुखार और पेट दर्द खराब होने जैसी समस्या लेकर 150 से 200 मरीज ओपीडी के बाहर पहुंच रहे हैं। मरीजों की बढ़ती भीड़ के कारण ओपीडी के अंदर जाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। इसमें कई मरीज डायरिया के भी हैं। सोमवार को दोपहर 12:00 बजे अस्पताल की मेडिसिन ओपीडी में जहां 50 नंबर टोकन चल रहा था, वहीं नए मरीज को 220 से अधिक का टोकन नंबर दिया गया। ऐसे में मरीजों को बारी के लिए डेढ़ से ढाई घंटों तक बारी का इंतजार करना पड़ा।
बारिश के कारण पेयजल योजनाओं का पानी मटमैला हो गया है। वहीं शहर में बीते डेढ़ सप्ताह से मटमैला पानी ही आ रहा है। ऐसे में पीने के पानी में खराबी के कारण भी यह सभी समस्याएं उत्पन्न हो रही है। वहीं गर्मी से आते ही पंखा शुरू कर देना भी इन समस्याओं को बढ़ा रहा है। वहीं कई मरीजों को अस्पताल की मेडिसिन ओपीडी में भी दाखिल करना पड़ रहा है।
जुकाम, बुखार होने के कारण
बारिश के समय अचानक बदल रहा मौसम जुकाम, बुखार होने का कारण बनता जा रहा है। शहर में कभी भी बारिश होने के बाद अचानक से तेज धूप खिल रही है। वहीं तेज धूप निकलते ही ठंडा जूस या पानी पीना भी इन बीमारियों को न्योता दे सकता है। ऐसे में मौसम में बदलाव होने पर अचानक से ठंडा पानी पीने से बचना चाहिए और बीमारी होने पर डॉक्टरों की सलाह के बिना दवाएं नहीं खानी चाहिए।
कोट
डॉक्टर रख रहे मरीजों का पूरा ध्यान
मौसम में हो रहे तेजी से बदलाव के कारण लोगों में जुकाम, बुखार और पेट खराब होने की समस्या सामने आ रही है। वहीं खराब पानी भी इसका कारण बनता जा रहा है। ऐसे में लोगों का सतर्क होना जरूरी है। प्रशासन की ओर से सभी मरीजों को जरूरी दवाएं दी जा रही है। वहीं गंभीर मरीजों को मेडिसिन वार्ड में एडमिट कर उपचार किया जा रहा है। डॉक्टरों की ओर से मरीजों की सेहत का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। - डॉ. राकेश पंवार, चिकित्सा अधीक्षक, क्षेतत्रीय अस्पताल
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में सोमवार को पर्ची काउंटर पर लगी मरीजों की कतारें। संवाद