सोलन। पुलिस लाइन सोलन में लड़कों की पुलिस भर्ती प्रक्रिया के पांचवें दिन शारीरिक मानक परीक्षण (पीएसटी) और शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) में 1052 अभ्यर्थियों को बुलाया गया। इनमें से 666 अभ्यर्थी परीक्षण में शामिल हुए, जबकि 384 अनुपस्थित रहे। शारीरिक परीक्षण में कुल 134 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए, जबकि 532 अभ्यर्थियों की ग्राउंड टेस्ट के दौरान सांसें फूल गईं।
जिला पुलिस विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार दो अभ्यर्थियों को चोटिल होने के कारण 23 नवंबर को दोबारा परीक्षण के लिए बुलाया गया है। वहीं, परीक्षण में शामिल 666 अभ्यर्थियों में से 532 अभ्यर्थी निर्धारित शारीरिक मापदंडों और दक्षता परीक्षा में सफल नहीं हो पाए। एसपी सोलन टी साई वर्मा ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों की शारीरिक क्षमता और निर्धारित मानकों के आधार पर जांच की गई।