कंडाघाट स्कूल के आसपास लगी आग पर काबू पाने के लिए जूटे विद्यार्थी। संवाद
स्कूल भवन के जलने का भी हो गया था खतरा
स्थानीय लोगों ने मशक्कत के साथ किया आग पर काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
कंडाघाट(सोलन) उपमंडल के वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल कल्होग के आसपास बुधवार को आग लग गई। इससे स्कूल का भवन बाल-बाल बच गया। स्कूल के पास जंगल और घासनियों में लगी आग स्कूल परिसर तक पहुंच गई। उस समय स्कूल में सैकड़ों विद्यार्थी और स्टाफ मौजूद था। आग को देखते हुए स्कूल प्रशासन ने प्रशासन और अग्निशमन विभाग को सूचित किया। स्कूल में सड़क न होने के कारण अग्निशमन विभाग का वाहन स्कूल तक नहीं पहुंच पाया। हालांकि उस दौरान स्थानीय लोग मौके पर पहुंच और मशक्कत से आग पर काबू पाया।
प्रधानाचार्य डॉ. सुनीता ने बताया कि वह किसी कारण अवकाश पर थीं परंतु जैसे ही उन्हें पता चला कि आग स्कूल परिसर तक पहुंचने वाली है तो उन्होंने अग्निशमन विभाग को सूचित किया, एसएमसी के पदाधिकारीयों, स्थानीय लोगों से भी संपर्क किया गया और स्कूल भवन को सुरक्षित करने के साथ स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए आवश्यक निर्देश दिए। स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पा लिया गया।