विहिप पदाधिकारियों ने किया कलश का भव्य स्वागत
राज्याभिषेक कार्यक्रम के तहत विहिप पहुंचेगा हर घर में
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। अयोध्या में बन रहे राम मंदिर में भगवान राम के राज्याभिषेक व प्राण प्रतिष्ठा के दृष्टिगत अक्षत कलश सोमवार को बद्दी पहुंचा। भगवान श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ एवं विहिप के संगठनिक नेटवर्क के जरिए अक्षत पूजन कलश नालागढ़ भेजा गया है।
विहिप के प्रांत संस्कृति प्रमुख प्रेम प्रकाश शर्मा व बजरंग दल के जिला संयोजक राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि इस दौरान रामभक्त 22 जनवरी को सुबह 11:00 से 1:00 बजे के बीच अपने-अपने स्थानों पर अनुष्ठान करेंगे व शाम को दीपोत्सव का कार्यक्रम करेंगे। मंदिरों को भव्य तरीके से सजाया जाएगा और प्रभु श्रीराम का गुणगान करेंगे। अपने आसपास गली मोहल्ले व सभी मंदिरों में अयोध्या जैसा आनंद उत्सव मनाने की तैयारी है।
उन्होंने बताया कि इस अक्षत प्रसाद को प्रांत से विभाग, विभाग से प्रखंड और अंतत: राम भक्तों के घरों तक पहुंचाया जाएगा। इसके माध्यम से देश के पांच लाख गांवों तक पहुंचकर सबको राम मंदिर के उद्घाटन के दिन पूजा-पाठ के जरिए उद्घाटन कार्यक्रम से जोड़ना है। अक्षत कलश कार्यक्रम में शामिल विहिप कार्यकर्ताओं के पास उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए निमंत्रण पत्र भी होंगे।
इस अवसर पर जिला संघ चालक महेश कौशल, नगर कार्यवाह राहुल कुमार, सुंधाशू शर्मा, नगर परिषद के उपाध्यक्ष मान सिंह मेहता, हिंदू जागरण मंच के ऋषि भारद्वाज, कुलवीर सिंह जमवाल, भामस जिला सह सचिव हरबंस, नगर संयोजक बजरंग दल कर्ण, जिला अध्यक्ष बीएचपी रोहित बातिश, अंकुर शर्मा सहित कई राम भक्त उपस्थित रहे।