रामशहर (सोलन)। रामशहर के बरोटा गांव से चोरी हुईं शटरिंग का प्लेटें रामशहर पुलिस ने बघेरी में एक पिकअप से बरामद की। पुलिस ने चालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है लेकिन चोरी को अंजाम देने वाला मुख्य आरोपी पुलिस को चमका देने में कामयाब रहा। बरोटा गांव से ठेकेदार शयाम लाल की शटरिंग की 70 प्लेटें चोरी कर एक व्यक्ति पिकअप में भरकर सीमा पार करना चाहता था। रामशहर पुलिस को इसकी भनक लग गई। थाना प्रभारी ने चोरों के पीछे अपनी गाड़ी लगा दी। पंजाब की सीमा पार से पहले ही पुलिस ने पिकअप को पकड़ लिया लेकिन चोर गिरोह का सरगना पुलिस को चमका देकर भाग गया। पुलिस में पिकअप का चालक और एक अन्य व्यक्ति ही मौके पर मिला। डीएसपी विवेक ने बताया कि एक व्यक्ति रामशहर के समीप बरोटा गांव से ठेकेदार की शटरिंग की लोहे की प्लेटें लेकर भाग रहा था जिसे बघेरी के समीप दबोचने में सफलता प्राप्त की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने चालक समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है।