संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर में शनिवार से शुरू होगी रामलीला, स्थानीय कलाकार निभाएंगे प्रमुख किरदार
धर्मपुर (सोलन)। रामलीला क्लब धर्मपुर की ओर से शनिवार से रामलीला का शुभारंभ होगा। पहले दिन पूजा-अर्चना के बाद मंचन शुरू होगा। क्लब के निर्देशक प्रेम शर्मा ने बताया कि पहले दिन राजा दशरथ द्वारा श्रवण वध, नारद मुनि की तपस्या, रावण परिवार को वरदान और माता लक्ष्मी के स्वयंवर सहित कई प्रसंगों का मंचन किया जाएगा। रामलीला में ब्रह्मा देव की ओर से कुंभकरण को छह महीने सोने और एक दिन जागने का वरदान मिलने तथा रावण को अजेय होने का वरदान दिए जाने के प्रसंग भी दिखाए जाएंगे।
स्थानीय कलाकार निभाएंगे प्रमुख किरदार
राम की भूमिका दीपक सूद, लक्ष्मण की वंशित शर्मा और सीता की भूमिका सेम निभाएंगे। दशरथ के किरदार में कृष्ण, जनक के रूप में अभिषेक शर्मा और ताड़का की भूमिका में हरीश नजर आएंगे। वहीं, रावण का किरदार अक्षय सूद, मेघनाद का सुजल शर्मा और परशुराम का विनोद राणा निभाएंगे। रोशन लाल कैकेयी और शूर्पणखा, जबकि सोहन लाल कौशल्या की भूमिका में मंचन करेंगे। निर्देशक प्रेम शर्मा ने क्षेत्र के युवाओं से रामलीला मंचन में भाग लेकर अपनी प्रतिभा दिखाने की अपील की है।