संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले में रविवार सुबह मौसम के अचानक बदले मिजाज ने सबको हैरत में डाल दिया। सुबह करीब 8:00 बजे आसमान में काले बादल छा गए और देखते ही देखते तेज अंधड़ व तूफान ने दस्तक दी। करीब डेढ़ घंटे तक रुक-रुक कर हुई बारिश से जिले में ठंड लौट आई है और दिन के तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार को जहां चिलचिलाती धूप के बीच तापमान 28 डिग्री सेल्सियस था, वहीं रविवार की बारिश के बाद यह गिरकर 23 डिग्री रह गया। इस दौरान जिले में 2.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। तूफान इतना जबरदस्त था कि कई क्षेत्रों में पेड़ गिर गए और सुबह के समय कुछ संपर्क सड़कों पर आवाजाही भी प्रभावित हुई। उधर, नौणी विवि के मौसम विभाग ने 6 अप्रैल को भी कई स्थानों पर हल्की बारिश व अंधड़ की चेतावनी दी है।